वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में सरदार पटेल विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय वार्षिक एथलेटिक्स मीट 2026-27 का समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स की अलग-अलग स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। पुरुष वर्ग में कुल्लू महाविद्यालय और महिला वर्ग में जोगिंद्रनगर महाविद्यालय ने ओवरऑल विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। समापन समारोह में सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान महाविद्यालय की एनसीसी वायु सेना विंग के कैडेटों ने कुलपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन लाल क्रांति सिंह के नेतृत्व में कैडेटों ने अनुशासन और शानदार ड्रिल का प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी उपविजेता और जोगिंद्रनगर महाविद्यालय तीसरे स्थान पर रहा। महिला वर्ग में मंडी कॉलेज उपविजेता और कुल्लू महाविद्यालय तीसरे स्थान पर रहा। पुरुष वर्ग में मंडी कॉलेज के खिलाड़ी को सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुना गया, जबकि महिला वर्ग में हरिपुर कॉलेज मनाली की श्रद्धा चौहान ने यह उपलब्धि हासिल की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने आयोजन को गौरव का विषय बताया। आयोजन सचिव डॉ. अंजू पाठक और मीडिया समन्वयक फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन लाल क्रांति सिंह ने सभी सहयोगियों का आभार जताया। समारोह में विश्वविद्यालय और विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक, खेल अधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।