टिहरा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर हिमाचल किसान सभा क्षेत्रीय कमेटी टिहरा ने बुधवार को एसडीएम धर्मपुर को ज्ञापन सौंपा। सभा ने क्षेत्र में लंबे समय से लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई है। ज्ञापन सभा के खंड संयोजक भूपेंद्र सिंह, अध्यक्ष करतार सिंह चौहान, क्षेत्रीय अध्यक्ष ज्ञान चंद पठानिया सहित अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में सौंपा गया। किसान सभा ने सबसे प्रमुख मांग टिहरा में पूर्ण तहसील बनाने की उठाई है। इसके अलावा निर्माणाधीन अस्पताल भवन का जल्द लोकार्पण करने, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति करने और अस्पताल में एक्सरे, लैब तथा एंबुलेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की गई है। किसान सभा ने करोड़ों रुपये से तैयार अस्पताल भवन का इसी वर्ष लोकार्पण और हैंडओवर करने की समयसीमा तय करने की मांग की है। सभा का कहना है कि भवन तैयार होने के बावजूद लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके साथ ही अस्पताल तक पहुंचने वाले लिंक रोड को एक सप्ताह के भीतर बहाल करने की मांग उठाई गई है। सभा के अनुसार, करीब दस साल पहले बने लिंक रोड की स्थिति खराब होने के कारण वाहन अस्पताल के प्रवेश द्वार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में मरीजों को वाहन से उतरने के बाद उठाकर अस्पताल तक ले जाना पड़ता है। किसान सभा ने अस्पताल में लैब और एक्सरे सुविधा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। सभा का कहना है कि क्षेत्र के मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इन सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों और एंबुलेंस की व्यवस्था जरूरी है। सभा के खंड संयोजक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि टिहरा में पूर्ण तहसील बनाने की मांग को लेकर वर्ष 2016 में किसान सभा और क्षेत्र की जनता ने 65 दिन तक भूख हड़ताल की थी। उन्होंने कहा कि इसके बाद भाजपा और कांग्रेस की सरकारों की ओर से पूर्ण तहसील बनाने के वादे किए गए, लेकिन मांग पूरी नहीं हुई। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पूर्व सरकार में क्षेत्र से राजस्व मंत्री रहे और वर्तमान सरकार से जुड़े विधायक भी इस दिशा में चार साल में कुछ नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि अब किसान सभा इस मांग को लेकर दोबारा आंदोलन की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में एसडीएम के माध्यम से विधायक को भी ज्ञापन भेजा गया है। मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है। किसान सभा ने धाड़ता क्षेत्र के लिए अलग ब्लॉक बनाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा स्कूल में खाली पदों को जल्द भरने, स्कूल को सीबीएसई बोर्ड के अंतर्गत लाने, पब्लिक लाइब्रेरी स्थापित करने और खेल मैदान बनाने की मांग की गई। बस स्टैंड पर पिछले दो साल से निर्माणाधीन रेन शेल्टर को जल्द पूरा करने और सभी बसों को मिनी सचिवालय टिक्कर तक चलाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। सभा ने तनियार गांव और चुड़ालका-ढुल्ली, टिक्कर-घरवासड़ा सड़क निर्माण की मांग रखी। वहीं हियुन में खेल मैदान एवं स्टेडियम, टिहरा में टैक्सी स्टैंड और टिहरा से चंडीगढ़ के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की गई। किसान सभा ने खंड मुख्यालय धर्मपुर के लिए सुबह, दोपहर और शाम नियमित बस सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही टिहरा में कृषि और बागवानी विभाग के प्रसार अधिकारियों के खाली पद जल्द भरने तथा पशु चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने की मांग भी की गई। ज्ञापन में टिहरा में सामुदायिक भवन बनाने, अलग गैस एजेंसी खोलने और वर्तमान में गैस की सप्लाई नियमित करने की मांग भी शामिल है। किसान सभा ने कहा कि क्षेत्र की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। अब यदि इन पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।