धर्मपुर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से दहशत का पर्याय बने उस पागल कुत्ते को आखिरकार प्रशासन ने पकड़ने में सफलता हासिल कर ली, जिसने करीब 13 लोगों को अपना निशाना बनाया था। कुत्ते के पकड़े जाने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल अपनी गाड़ी से धर्मपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चलाल के पास उनकी नजर उक्त आवारा कुत्ते पर पड़ी। एसडीएम ने बिना समय गंवाए कुत्ते को पकड़ने के लिए पुलिस तथा फायर ब्रिगेड टीम को मौके पर बुलाया और रेस्क्यू अभियान शुरू करवाया। प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए चलाल पेट्रोल पंप के पास कुत्ते को घेर लिया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने सफलतापूर्वक उसका रेस्क्यू कर लिया। इसके बाद पशुपालन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। पशुपालन विभाग की टीम ने कुत्ते को बेहोश कर सुरक्षित तरीके से वन विभाग कार्यालय धर्मपुर परिसर में पहुंचाया, जहां उसे सुरक्षित स्थान पर पिंजरे में रखा गया है। पशुपालन विभाग की निगरानी में उसका उपचार जारी रहेगा। धर्मपुर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में कुत्ते ने आतंक मचा रखा था। कुत्ते के हमले में करीब 13 लोग घायल हुए, जिसके चलते स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। पशुपालन विभाग धर्मपुर में कार्यरत एसवीओ डॉ. रंजना सूद ने बताया कि एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल के आदेशानुसार क्षेत्र में मौजूद सभी आवारा कुत्तों का उचित तरीके से वैक्सीनेशन करवाया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने में मदद मिल सके।