मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले लोगों को जल्द जाम और सड़क अवरोध से राहत मिलने की उम्मीद है। डयोड टनल को यातायात के लिए खोलने की तैयारी तेज हो गई है। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार टनल में सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी करने के बाद ही वाहनों की आवाजाही शुरू की जाएगी। इन व्यवस्थाओं को पूरा करने में करीब दो दिन का समय लग सकता है। सोमवार को एनएचएआई के उच्च अधिकारियों ने डयोड टनल का निरीक्षण किया। इस दौरान टनल के भीतर और बाहर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने विशेष रूप से टनल से बाहर निकलने के बाद पुराने मार्ग से जुड़ने वाले स्थान का निरीक्षण किया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि टनल से निकलने वाले वाहनों को किसी तरह की परेशानी न हो और दुर्घटना की आशंका को न्यूनतम किया जा सके। एनएचएआई अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की पूरी तरह जांच और आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद ही टनल को यातायात के लिए खोला जाएगा। डयोड टनल के शुरू होने से मंडी से कुल्लू तक का सफर काफी हद तक आसान होने की उम्मीद है। वर्तमान में जोगणी माता मंदिर के समीप अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा पुराने मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण कई बार यातायात बाधित हो जाता है। टनल के यातायात के लिए खुलने के बाद वाहनों को पुराने संवेदनशील हिस्से से गुजरने की जरूरत कम होगी। इससे यात्रियों को जाम और बार-बार होने वाले सड़क अवरोध से राहत मिल सकती है। प्रारंभिक चरण में वाहनों की आवाजाही एक ही टनल से करवाई जाएगी। इसके बाद एनएचएआई दूसरी टनल को भी यातायात के लिए बहाल करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। दोनों टनल शुरू होने के बाद मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था और अधिक सुचारू होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि हनोगी की ओर टनल का मुहाना पहाड़ी खिसकने के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद एनएचएआई ने क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू करवाया। इस मरम्मत कार्य पर करीब 54 करोड़ रुपये की लागत आई है। वर्ष 2025 की बरसात के दौरान मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। कई स्थानों पर पहाड़ियों से पत्थर गिरने और सड़क धंसने के कारण यातायात प्रभावित हुआ था। मार्ग के कई हिस्सों की स्थिति खराब होने से आवाजाही मुश्किल बनी रही थी। ऐसे में डयोड टनल का यातायात के लिए खुलना मंडी और कुल्लू के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है। कुल्लू जाते समय नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौके पर रुके और एनएचएआई अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने मंडी से औट तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबे समय से चली आ रही विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और इनके जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने झीड़ी फ्लाईओवर का मुद्दा भी अधिकारियों के समक्ष उठाया। जयराम ठाकुर ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों को हो रही परेशानियों को जल्द दूर करने की आवश्यकता जताई। मौके पर द्रंग के विधायक पूर्ण चंद भी मौजूद रहे। एनएचएआई के सदस्य विपानेश शर्मा, आरओ शिमला और पीआईयू मंडी के परियोजना निदेशक वरुण चारी समेत अन्य अधिकारी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।