वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के निशानेबाजों ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय शूटिंग चैंपियनशिप 2026-27 में शानदार प्रदर्शन कर ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीत ली। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में 8 से 10 अक्तूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में मंडी कॉलेज की टीमों ने तीन स्पर्धाओं में पहला और एक में दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के बाद महाविद्यालय परिसर में विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अनुशासन, एकाग्रता और खेल भावना का परिचय देकर संस्थान का नाम रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगे भी राज्य और महाविद्यालय को गौरवान्वित करेंगे। पुरुष वर्ग के टीम मैनेजर फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने बताया कि मंडी कॉलेज की 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष टीम, 10 मीटर एयर पिस्टल महिला टीम और 10 मीटर एयर राइफल महिला टीम ने विजेता ट्रॉफियां हासिल कीं। वहीं, 10 मीटर एयर राइफल पुरुष टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। टीमों के इस प्रदर्शन ने मंडी कॉलेज को प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियनशिप दिलाने में अहम भूमिका निभाई। टीम स्पर्धाओं के साथ मंडी कॉलेज के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत मुकाबलों में भी पदक हासिल किए। स्वर्ण पदक: सार्थक लखनपाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग में और ऋतिका ने 10 मीटर एयर राइफल महिला वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। रजत पदक: कविता ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग में और शिवम ने 10 मीटर एयर राइफल पुरुष वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया। कांस्य पदक: कशिश शर्मा ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया। इस तरह व्यक्तिगत स्पर्धाओं में कॉलेज के खिलाड़ियों ने कुल पांच पदक अपने नाम किए। प्रशिक्षकों और सहयोगियों के योगदान को सराहा डॉ. चमन ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण को इस सफलता का आधार बताया। उन्होंने प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार के मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। उन्होंने शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू शर्मा, डॉ. राजीव कुमार, महिला टीम मैनेजर एवं सहायक प्रोफेसर ज्योति ठाकुर और अन्य सहयोगियों के योगदान की भी सराहना की। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने में अजय लखनपाल शूटिंग अकादमी की भूमिका के लिए भी आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में डॉ. राजीव परमार, डॉ. होशियार सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य प्रतिनिधि और निशानेबाज खिलाड़ी मौजूद रहे।