राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल के अर्थशास्त्र विभाग की ओर से ज़ीरो पीरियड पहल के अंतर्गत एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। भारतीय अर्थव्यवस्था के नए आयाम : 21वीं सदी का रोडमैप विषय पर आयोजित इस सेमिनार का उद्देश्य समसामयिक आर्थिक बदलावों और वैश्विक पटल पर भारत की भूमिका पर विचार-विमर्श करना था। कार्यक्रम में महाविद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य डॉ. मुनीश ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अर्थशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य प्रो. तिलक शर्मा ने सेमिनार के संयोजक की भूमिका निभाई। इस दौरान छात्र प्रतिभागियों गुंजन, प्रीति, अंजलि, कविता, दीक्षा, उपासना और इशिका ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न आर्थिक विषयों पर अपने विचार तथा शोध पत्र प्रस्तुत किए। सेमिनार में विद्यार्थियों ने भारत के फिनटेक तंत्र और यूपीआई, महिला कार्यबल की भागीदारी, जनसांख्यिकीय लाभांश, भारतीय रुपये के अंतरराष्ट्रीयकरण तथा नई वैश्विक व्यवस्था में भारत की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था में हो रहे बदलावों और भविष्य की संभावनाओं को समझने का प्रयास किया। मुख्य अतिथि डॉ. मुनीश ठाकुर ने विद्यार्थियों के शोध कार्य और प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के अकादमिक आयोजन युवाओं में विश्लेषणात्मक क्षमता विकसित करने के साथ-साथ आर्थिक विषयों के प्रति उनकी समझ को भी मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर सेमिनार संयोजक प्रो. तिलक शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।