दयानंद भारतीय पब्लिक स्कूल जोगिंद्रनगर में रविवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह गौरवशाली विरासत से स्वर्णिम भविष्य की ओर धूमधाम से मनाया गया। समारोह में शैक्षणिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी मेहनत और उपलब्धियों को सराहा गया। आर्य समाज प्रतिनिधि सभा के प्रदेशाध्यक्ष प्रबोध चंद्र सूद ने मुख्य अतिथि और सभा के महासचिव प्रभात आनंद ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। करीब पांच घंटे तक चले समारोह में स्कूल के विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य प्रस्तुत किए। नन्हे विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं। स्कूल के चेयरमैन विजय जम्वाल, पूर्व चेयरमैन ओम मरवाह और प्रधानाचार्य राजेश डोगरा ने विद्यालय की उपलब्धियों और करीब पांच दशक के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति की सदस्य शिवानी सूद, अशोक सूद, पूर्व प्रधानाचार्य कर्नल शोभा सिंह, समाजसेवी रमेश बंटा, रोटेरियन अजय ठाकुर, संजय शर्मा, पीसी महंत, व्यापार मंडल अध्यक्ष भास्कर गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष संतोष कुमारी, पार्षद अनिता सहित स्कूल प्रबंधन के सदस्य और अभिभावक मौजूद रहे।