हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों को बरसात के दिनों में होने वाले नुकसान से बचाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार दीर्घकालीन योजना तैयार करेगी। कुल्लू से मनाली के बीच वर्ष 2023 और 2025 की बरसात में क्षतिग्रस्त हुए फोरलेन की बहाली के लिए करीब 350 करोड़ रुपये के कार्य विभिन्न स्थानों पर चल रहे हैं। संवेदनशील स्थानों पर सुरंग बनाने के प्रस्तावों पर भी विचार किया जा रहा है। यह बात लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कुल्लू में एनएचएआई के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि एनएचएआई देश के बुनियादी ढांचे और हिमाचल प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रदेश में शिमला-मटौर, किरतपुर-मनाली और पठानकोट-मंडी जैसे प्रमुख सड़कों का निर्माण और सुधार किया जा रहा है।