जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित पुलिस लाइन बाशिंग में चल रही पुलिस आरक्षी भर्ती प्रक्रिया में युवा जमकर पसीना बहा रहे हैं। भर्ती के दूसरे दिन शुक्रवार को भी अभ्यर्थियों में पुलिस आरक्षी बनने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कड़ाके की ठंड के बावजूद युवा सुबह ही मैदान में पहुंच गए और शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया। पुलिस आरक्षी भर्ती की यह प्रक्रिया चार दिनों तक चलेगी। शुरुआती दो दिनों में पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही है, जबकि 14 और 15 नवंबर को महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। भर्ती में शामिल होने पहुंचे युवा निर्धारित शारीरिक मापदंडों और दक्षता परीक्षा को पूरा करने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं। ठंड के मौसम में भी मैदान में अभ्यर्थियों का उत्साह देखने लायक है।