अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में लगाई गई अस्थायी दुकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को तहसीलदार कुल्लू अनिल कुमार की अध्यक्षता में प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दुकानदारों से मैदान खाली करवाने का काम शुरू करवाया। इस दौरान नगर परिषद के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। नगर परिषद की टीम दुकानदारों का सामान जब्त कर ट्रक में ले जाती दिखाई दी। वहीं, कुछ कारोबारी प्रशासन की कार्रवाई से पहले ही अपनी दुकानों को समेटने में जुटे हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान कारोबारियों को ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में 32 दिनों तक दुकानें लगाने की अनुमति दी गई थी। इसकी अवधि 22 नवंबर को पूरी हो चुकी है। समय सीमा समाप्त होने के बाद भी मैदान में दुकानें लगी रहने पर प्रशासन ने कारोबारियों को मैदान खाली करने का अल्टीमेटम दिया था। अल्टीमेटम के बाद अब प्रशासन ने दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को प्रशासन, पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त मौजूदगी में दुकानों को हटाने का काम किया गया। आने वाले समय में ढालपुर मैदान को पूरी तरह खाली करवाने की प्रक्रिया जारी रहने की संभावना है।