अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को यातायात संबंधी परेशानी से बचाने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) 30 स्पेशल बसें चलाएगा। ये बसें शहरी और ग्रामीण रूटों पर संचालित होंगी, ताकि लोगों को कुल्लू आने-जाने में सुविधा मिल सके। सदर विधायक एवं दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने मंगलवार को स्पेशल बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि दशहरा उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए बस सेवा सुचारू रखी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भी परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने पर ध्यान दिया जा रहा है। लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम रात 10 बजे तक आयोजित होंगे। कार्यक्रमों के समापन के बाद श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोजाना रात 10:30 बजे भी बसें संचालित की जाएंगी। इससे देर शाम तक सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने वाले लोगों को घर लौटने में मदद मिलेगी। सुंदर सिंह ठाकुर ने बताया कि इस बार कुल्लू से आनी के लिए भी दो बसें चलाई जाएंगी। दशहरा उत्सव के दौरान अतिरिक्त बसें चलाने का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना है। एचआरटीसी की ओर से विशेष बसों के संचालन से उत्सव में शामिल होने आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।