ऐतिहासिक ढालपुर मैदान इन दिनों युवा खिलाड़ियों के जोश और उत्साह से गुलजार है। यहां चल रही अंडर-19 मेजर गेम्स प्रतियोगिता में सोमवार को खिलाड़ियों के बीच कई कड़े मुकाबले देखने को मिले। मैदान पर उतरते ही खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खास आकर्षण बास्केटबॉल के मुकाबले रहे। खिलाड़ियों ने तेज पास, शानदार डिफेंस और आक्रामक खेल के जरिए विपक्षी टीमों को लगातार चुनौती दी। मुकाबलों के दौरान मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शारीरिक शिक्षक गोपीचंद ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में जिला भर से करीब 350 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। विभिन्न स्कूलों और क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में बास्केटबॉल और हैंडबॉल के अलावा अन्य खेलों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धी माहौल में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। साथ ही युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर भी मिलता है। ढालपुर मैदान में प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के साथ उनके साथी और खेल से जुड़े लोग भी मौजूद रहे। युवा खिलाड़ियों के उत्साह से मैदान का माहौल खेलमय बना रहा।