प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ओर से लिए जा रहे कर्ज को लेकर सांसद कंगना रनौत ने सरकार पर निशाना साधा है। जिला मुख्यालय कुल्लू में दिशा की बैठक संपन्न होने के बाद मीडिया से बातचीत में कंगना रनौत ने कहा कि प्रदेश सरकार जिस तरह से कर्ज ले रही है, उससे प्रदेश की स्थिति चिंताजनक हो सकती है। उन्होंने कहा कि इसी तरह कर्ज लिया जाता रहा तो हम डूब जाएंगे। सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार कर्ज लेने का ही काम कर रही है। उन्होंने प्रदेश की वित्तीय स्थिति को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इससे पहले दिशा की बैठक में सांसद निधि के कार्यों और विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई। कंगना रनौत ने बताया कि बैठक में सांसद निधि को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और अलग-अलग विभागों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि कुछ विभागों की कार्यप्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है और वे काम में पीछे चल रहे हैं। हालांकि कुल्लू जिला में सांसद निधि के तहत आवंटित कार्यों में करीब 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। कंगना ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सांसद निधि से संबंधित सभी कार्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने के साथ आवश्यक सुझाव भी दिए। सांसद ने कहा कि बैठक का उद्देश्य विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति की समीक्षा करना तथा जहां कार्यों में देरी हो रही है, वहां संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा।