फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांगड़ा: ज्वालामुखी के मुरली मनोहर मंदिर में पंच भीष्म शुरू, पांच दिन दिन-रात जलेंगे 101 दीपक

शक्तिपीठ ज्वालामुखी के प्रसिद्ध मुरली मनोहर मंदिर में कार्तिक माह की देवउठनी एकादशी के साथ पंच भीष्म का शुभारंभ हो गया है। मंदिर में इस धार्मिक परंपरा के तहत अगले पांच दिनों तक 101 दीपक दिन-रात प्रज्वलित रहेंगे। श्रद्धालु, स्थानीय निवासी और मंदिर के पुजारी इन दीपकों में लगातार तेल अर्पित कर दीपदान की परंपरा निभा रहे हैं। मंदिर में वर्षों से पंच भीष्म के अवसर पर दीपदान किया जाता रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इन पांच दिनों में मंदिर में दर्शन करने से पुत्र प्राप्ति का आशीर्वाद मिलता है, जबकि दीपदान से पितृ दोष की शांति और घर में लक्ष्मी का वास होने की मान्यता है। पंच भीष्म के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक उत्साह देखने को मिलता है। मुरली मनोहर मंदिर के पुजारी हरबंश शर्मा ने बताया कि पंच भीष्म मनाने के पीछे दो प्रमुख धार्मिक कारण हैं। मान्यता है कि इसी दिन माता तुलसी का विवाह भगवान मुरली मनोहर यानी श्रीकृष्ण से हुआ था। वहीं, महाभारत काल में भीष्म पितामह ने बाणों की शैया पर रहते हुए पांच दिनों तक पांडवों को धर्म और जीवन से जुड़ा ज्ञान दिया था। इसी परंपरा और स्मृति में पंच भीष्म मनाए जाते हैं। हिंदू धर्म में कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी से पूर्णिमा तक के पांच दिनों को भीष्म पंचक के रूप में विशेष महत्व दिया जाता है। इसे पंच भीखू के नाम से भी जाना जाता है। कार्तिक स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस व्रत और पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भीष्म पितामह ने इन पांच दिनों में भगवान श्रीकृष्ण और पांडवों को धर्म, राजधर्म, वर्ण धर्म और मोक्ष धर्म का ज्ञान दिया था। इसी कारण इन पांच दिनों को अत्यंत पुण्यकारी माना गया और कालांतर में यह परंपरा भीष्म पंचक के नाम से प्रसिद्ध हुई। महाभारत युद्ध समाप्त होने के बाद श्रीकृष्ण पांडवों को भीष्म पितामह के पास लेकर गए थे। उस समय भीष्म पितामह बाणों की शैया पर लेटे हुए सूर्य के उत्तरायण होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। श्रीकृष्ण के अनुरोध पर उन्होंने पांडवों को राजधर्म, वर्ण धर्म और मोक्ष धर्म सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर ज्ञान दिया। यह ज्ञान देने का क्रम एकादशी से पूर्णिमा तक पांच दिनों तक चला। इसके बाद श्रीकृष्ण ने इन पांच दिनों को मंगलकारी बताते हुए इन्हें भीष्म पंचक के नाम से प्रसिद्ध होने की बात कही। तभी से कार्तिक माह के इन पांच दिनों का धार्मिक महत्व माना जाता है। पंच भीष्म की परंपरा माता तुलसी के विवाह से भी जुड़ी हुई है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवउठनी एकादशी पर माता तुलसी का विवाह भगवान श्रीकृष्ण से हुआ था। इसी वजह से इस अवसर पर मंदिरों में पूजा-अर्चना, दीपदान और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष आयोजन किया जाता है। ज्वालामुखी के मुरली मनोहर मंदिर में पांच दिनों तक 101 दीपकों का अखंड प्रकाश श्रद्धालुओं की आस्था, धार्मिक परंपरा और पंच भीष्म के महत्व का प्रतीक बना रहेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें