ज्वालामुखी(कांगड़ा)। शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में शारदीय अश्विन नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ रही है। शनिवार को सप्तमी नवरात्र पर करीब 28 हजार श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। नवरात्र के सात दिनों के दौरान मंदिर में दर्शन व्यवस्था सामान्य रही और श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से मां के दर्शन किए। बाहरी राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। मंदिर प्रशासन और मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ सुविधाजनक दर्शन के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार, अष्टमी नवरात्र पर भी मंदिर श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे खुला रहेगा। हालांकि, निर्धारित आरतियों के दौरान गर्भगृह बंद रहेगा। पुजारी वर्ग ने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को सप्तमी व अष्टमी नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए मां ज्वाला से सभी के सुख, शांति और कल्याण की कामना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना करने से भक्तों को मनवांछित फल प्राप्त होते हैं। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।