गांधी चौक के पास पुलिस प्रशासन की ओर से बनाए जा रहे नए टैक्सी बूथ को लेकर धर्मशाला एक्स सर्विसमैन टैक्सी यूनियन ने कड़ा विरोध जताया है। यूनियन के प्रतिनिधियों का कहना है कि जिस जगह पर यह बूथ स्थापित किया जा रहा है, वहां पहले से उनकी ड्यूटी टैक्सियां खड़ी होती हैं और निर्माण होने से लगभग 70 से 80 चालकों की रोजी-रोटी पर सीधा संकट आ जाएगा। इस संबंध में ऑपरेटरों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि इस बूथ को मैक्सिमस मॉल, फव्वारा चौक या कचहरी अड्डा के पास शिफ्ट किया जाए ताकि पर्यटकों को सुविधा भी मिले और उनका रोजगार भी न छिने । यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो वे आने वाले दिनों में धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।