फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धर्मशाला में दशहरा मेले की तैयारियां तेज, हरियाणा से पहुंचे 25 कारीगर; लंका से रावण तक बनेंगे पुतले

जिला मुख्यालय धर्मशाला में जिला स्तरीय दशहरा मेले की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। मेला कमेटी की ओर से पुलिस मैदान के टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस बार पुलिस मैदान का टेंडर 15 लाख रुपये में हुआ है। वहीं, दशहरा मेले के लिए पुतले तैयार करने का टेंडर चार लाख रुपये में हुआ है। पुतले बनाने का जिम्मा हरियाणा की मंगल सैन एंड संस को मिला है। मंगलवार को हरियाणा से करीब 25 कारीगरों की टीम धर्मशाला पहुंच गई। टीम ने पहुंचते ही पुतलों के निर्माण का काम शुरू कर दिया है। कारीगर अपने साथ पुतले तैयार करने के लिए बांस भी हरियाणा से लेकर पहुंचे हैं। कारीगरों के अनुसार हिमाचल का बांस अपेक्षाकृत गीला होता है, जबकि बड़े पुतलों के निर्माण के लिए सूखे बांस की आवश्यकता होती है। इसी वजह से वे अपने साथ हरियाणा से सूखा बांस लेकर आए हैं। धर्मशाला पहुंचने के बाद कारीगरों ने बिना समय गंवाए पुतलों के निर्माण का काम शुरू कर दिया। अब तक करीब 20 फीसदी काम पूरा होने की जानकारी दी गई है। लंका से रावण तक तैयार होंगे पुतले इस बार दशहरा मेले में कारीगर लंका, अक्षय, रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले तैयार करेंगे। इन पुतलों को आकर्षक रूप देने के लिए कारीगर लगातार काम में जुटे हुए हैं। पुतले तैयार करने वाले ठेकेदार मोहन लाल ने बताया कि उनका परिवार पिछले पांच पीढ़ियों से पुतले बनाने का काम कर रहा है। अब उनके बेटे भी इस पारंपरिक काम को आगे बढ़ा रहे हैं। मोहन लाल ने बताया कि उनका परिवार पूरी टीम के साथ धर्मशाला पहुंचा है। कारीगरों का लक्ष्य वीरवार तक पुतलों के निर्माण का काम पूरा करना है। धर्मशाला में काम पूरा होने के बाद कारीगरों की टीम कांगड़ा और ज्वालामुखी के लिए रवाना होगी, जहां भी दशहरा आयोजन के लिए पुतले तैयार किए जाएंगे। दशहरा मेले की तैयारियों के बीच पुतलों के निर्माण का काम शुरू होने से धर्मशाला में उत्सव का माहौल बनने लगा है। आने वाले दिनों में मेले की अन्य तैयारियां भी रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें