राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिडवीं टिक्कर में हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की छात्राओं की तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में हमीरपुर जिले के छह ब्लॉकों की करीब 250 छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रतिभागियों और आयोजन समिति को बधाई देते हुए नरेश ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियां भी महत्वपूर्ण हैं। इन गतिविधियों से बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सरकार की कमान संभालने के बाद स्कूली खिलाड़ियों की डाइट मनी में दोगुणा से अधिक वृद्धि करते हुए इसे 250 रुपये किया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले स्कूली खिलाड़ियों के लिए उच्च श्रेणी की रेल यात्रा तथा आवश्यकता पड़ने पर हवाई यात्रा का भी प्रावधान किया गया है। इसके अलावा ओलंपिक, एशियाई, राष्ट्रमंडल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं के लिए नकद पुरस्कारों का प्रावधान किया गया है। नरेश ठाकुर ने नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने नशे के विरुद्ध बड़ी लड़ाई का ऐलान किया है। उन्होंने चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की बात कही। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत खेल गतिविधियों के लिए 11.56 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। उन्होंने युवाओं को खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। सीनियर सेकेंडरी स्कूल वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समीरपुर की टीम विजेता रही, जबकि रावमापा रैली जजरी की टीम उपविजेता रही। कबड्डी में अमलैहड़ स्कूल ने पहला और कुठेड़ा ने दूसरा स्थान हासिल किया। खो-खो में कुठेड़ा विजेता और रैली जजरी उपविजेता रही। बैडमिंटन में हमीरपुर विजेता रहा, जबकि नादौन और टौणी देवी स्कूल की टीमें उपविजेता रहीं। हाई स्कूल वर्ग में वॉलीबाल में एसवीएन तरक्वाड़ी प्रथम और राजकीय हाई स्कूल धीरवीं की टीम द्वितीय रही। कबड्डी में हाई स्कूल ख्याह प्रथम और होली हार्ट स्कूल डिडवीं द्वितीय स्थान पर रहा। बैडमिंटन में बीबीएन चकमोह स्कूल प्रथम और बल्ह बिहाल स्कूल की टीम द्वितीय रही। वहीं खो-खो में हाई स्कूल चकमोह ने पहला स्थान हासिल किया। समापन समारोह में मेजबान स्कूल की प्रधानाचार्य शैली शर्मा, प्रतियोगिता के उप समन्वयक चमन लाल, एसएमसी अध्यक्ष रितु शर्मा और आयोजन समिति के अन्य सदस्यों ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन और विभिन्न खेल स्पर्धाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी भी दी।