हमीरपुर। राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में मंगलवार को यूनिवर्सिटी आउटरीच कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त प्रोफेसर सुकन्या लाल और भूविज्ञान विशेषज्ञ प्रो. रूपलाल मौजूद रहे। प्रो. सुकन्या लाल स्कूल की पूर्व छात्रा रही चुकी हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने शिक्षाविदों और वैज्ञानिकों से सीधे संवाद कर अपने सवाल भी पूछे। प्रो. रूपलाल ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षण संस्थानों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि मेहनत और लगन से छोटे शहरों के विद्यार्थी भी देश के प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद गतिविधियों में बढ़ चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक देशराज डोगरा ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर गतिविधियों का जायजा लिया। उनके साथ स्कूल प्रधानाचार्य पूनम चौहान विशेष रूप से मौजूद रहीं।