विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने मंगलवार को टौणीदेवी अस्पताल का दौरा कर उपचाराधीन मरीजों से मुलाकात की और अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने भी विधायक से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान विधायक ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन अतिरिक्त भवन का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और इसे निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि अतिरिक्त भवन के निर्माण से अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिलेगा।