मिड-डे मील वर्करर्स यूनियन (सीटू) ने उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर से गांधी चौक तक अपनी मांगों को लेकर रैली निकाली। यूनियन ने शिक्षा विभाग की ओर से 10 महीने के मानदेय को 12 महीनों में विभाजित करके देने की अधिसूचना को तुरंत वापस लेने की मांग की। सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ने बताया कि मिड-डे मील वर्करर्स पिछले कई वर्षों से स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं, लेकिन उन्हें साल में केवल 10 महीने का मानदेय दिया जाता है। विभाग ने मांग का समाधान करने के बजाय 10 महीने के ही मानदेय को 12 महीने में बांटकर देने का गैर कानूनी फैसला लिया है। यह वर्करर्स के साथ धोखा है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द अधिसूचना वापस नहीं ली तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन को सीटू के जिला सचिव जोगिंदर कुमार ,मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन की नेता रेखा, प्रीतो देवी और आशा देवी ने भी संबोधित किया।