पेट से जुड़ी बीमारी की जांच के लिए अब हमीरपुर और आसपास के मरीजों को शिमला या टांडा की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में आखिरकार गैस्ट्रो एंडोस्कोपी की सुविधा शुरू हो गई है। खास बात यह है कि यह सुविधा निजी स्वास्थ्य संस्थानों के मुकाबले बेहद कम कीमत पर उपलब्ध होगी। सेवा शुरू होने के पहले ही दिन मेडिकल कॉलेज की गैस्ट्रो विशेषज्ञ डॉ. पूर्णिमा पटियाल और उनकी टीम ने छह मरीजों की सफल एंडोस्कोपी की। इससे अस्पताल में पेट और पाचन तंत्र से संबंधित बीमारियों की जांच की सुविधा को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिली है। अब मरीजों को पेट की गंभीर या लगातार बनी रहने वाली समस्याओं की जांच के लिए आईजीएमसी शिमला अथवा डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे न केवल मरीजों का समय बचेगा, बल्कि आने-जाने और बाहर जांच करवाने का खर्च भी कम होगा। इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत इसकी कम कीमत है। मेडिकल कॉलेज में गैस्ट्रो एंडोस्कोपी के लिए कमरा नंबर 401 निर्धारित किया गया है। जहां निजी स्वास्थ्य संस्थानों में एंडोस्कोपी करवाने के लिए करीब 3500 रुपये तक खर्च हो सकते हैं, वहीं मेडिकल कॉलेज में यह सुविधा लगभग 110 रुपये में उपलब्ध होगी। कम आय वाले परिवारों के लिए यह सुविधा काफी राहत देने वाली साबित हो सकती है। लंबे समय से पेट संबंधी परेशानी झेल रहे मरीज अब कम खर्च में जरूरी जांच करवा सकेंगे। एंडोस्कोपी के जरिए डॉक्टर शरीर के अंदर भोजन नली, पेट और छोटी आंत के शुरुआती हिस्से की स्थिति को सीधे देख सकते हैं। लगातार पेट दर्द, एसिडिटी, उल्टी, खून आने, खाना निगलने में परेशानी या अन्य गैस्ट्रो संबंधी समस्याओं में डॉक्टर जरूरत के अनुसार इस जांच की सलाह दे सकते हैं। जांच के दौरान बीमारी की स्थिति सामने आने के बाद चिकित्सक आगे की जांच और उपचार की दिशा भी तय कर सकते हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होना हमीरपुर और आसपास के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देशराज शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। गैस्ट्रो एंडोस्कोपी सुविधा शुरू होने से मरीजों को अब इस जांच के लिए दूसरे बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। ''मेडिकल कॉलेज प्रबंधन मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयास कर रहा है। गैस्ट्रो एंडोस्कोपी की सुविधा मिल गई है।''- डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर