उपमंडल सुजानपुर के खैरी में स्थित गो अभ्यारण्य की व्यवस्था अब जल्द ही बदलने वाली है। अभी तक पशुपालन विभाग के जिम्मे चल रहे इस अभ्यारण्य की कमान अब निजी संस्था को सौंपने की तैयारी शुरू हो गई है। चयनित संस्था के साथ तीन वर्ष के लिए एमओयू किया जाएगा। इसके साथ ही संस्था से एक लाख रुपये की सिक्योरिटी डिपॉजिट भी ली जाएगी। खैरी गो अभ्यारण्य में इस समय करीब 200 गोवंश मौजूद हैं। निजी संस्था को जिम्मेदारी मिलने के बाद इन पशुओं के चारा-पानी, देखरेख और अभ्यारण्य की रोजमर्रा की व्यवस्थाओं का संचालन संस्था करेगी। हालांकि, व्यवस्था निजी हाथों में जाने के बावजूद पशुपालन विभाग निगरानी की भूमिका में रहेगा। अभ्यारण्य के संचालन की जिम्मेदारी निजी संस्था को देने के लिए पशुपालन विभाग ने इच्छुक संस्थाओं से आवेदन मांगे थे। विभाग को कुल दो आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से एक आवेदन को अंतिम मंजूरी के लिए जिला प्रशासन के पास भेज दिया गया है। प्रशासन की स्वीकृति मिलते ही चयनित संस्था के साथ तीन साल का एमओयू किया जाएगा। खैरी गो अभ्यारण्य का संचालन निजी संस्था करेगी। इसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं। डॉ. सुजय शर्मा, उपनिदेशक, पशुपालन विभाग हमीरपुर