फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हमीरपुर में दिवाली की आतिशबाजी बनी आग की वजह, दरकोटी में मकान को करीब 10 लाख का नुकसान

दिवाली की खुशियों के बीच आतिशबाजी की एक चिंगारी हमीरपुर जिले के एक परिवार के लिए भारी नुकसान का कारण बन गई। टौणी देवी क्षेत्र के दरकोटी गांव में पटाखे की चिंगारी से एक मकान के कमरे में आग लग गई। इस घटना में घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान जलकर नष्ट हो गया। हादसे में प्रभावित परिवार को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार घटना दिवाली की रात करीब 11:30 बजे की है। दरकोटी गांव निवासी हरनाम सिंह पुत्र स्वर्गीय ख्याली राम के मकान के मुख्य कैंची गेट से आतिशबाजी की चिंगारी अंदर पहुंच गई। चिंगारी मकान के एक कमरे में जा गिरी, जिससे वहां आग भड़क उठी। आग ने कमरे में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते काफी सामान जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में करीब 40 हजार रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और घर का अन्य कीमती सामान नष्ट हो गया। परिवार के लिए सबसे बड़ी परेशानी यह है कि वर्षों की मेहनत से जुटाई गई पूंजी और जरूरी सामान कुछ ही देर में आग की भेंट चढ़ गए। हरनाम सिंह पेशे से पेंटर हैं और मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में अचानक हुए इस नुकसान से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और क्षेत्र के पटवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। राजस्व विभाग की ओर से आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के संबंध में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा और तत्काल फौरी राहत उपलब्ध करवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार ने मेहनत से जो सामान और बचत जुटाई थी, वह एक हादसे में पूरी तरह नष्ट हो गई। दिवाली के दौरान हुई इस घटना ने एक बार फिर आतिशबाजी करते समय सावधानी बरतने और घरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत को सामने ला दिया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें