मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा पर बिना तथ्यों के आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को झूठ बोलने में पीएचडी हासिल है और उसके नेताओं को इसमें गोल्ड मेडल मिलेगा। भाजपा ने विधानसभा में जिस मुद्दे पर काम रोको प्रस्ताव लाया है, वह उस चर्चा नहीं कर पा रहे है। यदि भाजपा नेताओं के पास आरोपों के समर्थन में कोई तथ्य हैं तो उन्हें सामने रखें। सरकार तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने गलोड़ में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर के शुभारंभ के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के चार साल 11 दिसंबर को पूरे हो रहे हैं। इस उपलक्ष्य में सुजानपुर के चौगान मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इससे पहले गलोड़ में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गाय के दूध का समर्थन मूल्य 61 रुपये और भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति लीटर का फैसला लागू किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने का वादा भी 11 दिसंबर को पूरा करने की बात कही। यह राशि 59 वर्ष तक की महिलाओं को दी जाएगी। एक परिवार में तीन पात्र महिलाएं होने पर तीनों को इसका लाभ मिलेगा। हिमकेयर योजना को लेकर भाजपा नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मेडिकल भाषा में बात रखी है। सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमकेयर के तहत पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन तक दर्शाए गए। उन्होंने योजना में फर्जी बिलिंग के जरिये जनता के पैसे की लूट होने का आरोप भी लगाया।