ग्राम पंचायत डाडू में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश कुमार ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। विधायक सुरेश कुमार ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, साहस, त्याग और देश के प्रति उनके समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने और अपने समाज की संस्कृति एवं परंपराओं को सुरक्षित रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के महानायक नहीं थे, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता, समानता, अधिकारों और आत्मसम्मान का संदेश देते हैं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपने विचार साझा किए और भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं योगदान को याद किया। जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से उनके संघर्ष और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।