श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को लिए पर्यटन नगरी धर्मशाला के बाजार सज गए हैं। बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों का कहना है कि वे हर साल की तरह इस बार भी कान्हा के जन्मोत्सव को बेहद खास और भव्य तरीके से मनाने की तैयारी में जुटे हैं। घर-घर में बाल गोपाल के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। दुकानदारों ने दुकानों के बाहर बाल गोपाल के वस्त्र, मुकुट, झूले, माखन की मटकियां और बांसुरी सजा दी हैं। दुकानदारों प्रशांत व रोबिन का कहना है कि जन्माष्टमी पर्व पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है। कचहरी अड्डा धर्मशाला स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मंदिर के पुजारी ललित कुमार के अनुसार, इस वर्ष जन्माष्टमी का पावन व्रत 4 सितंबर 2026 शुक्रवार को रखा जाएगा और रात को कान्हा का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। 5 सितंबर की सुबह 7:13 बजे के बाद व्रत का पारण उत्तम माना गया है, लेकिन लोग रात को 12:43 बजे पूजा के बाद प्रसाद लेकर व्रत खोल सकते हैं।