धनतेरस के शुभ अवसर पर शुक्रवार को धर्मशाला शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ी। त्योहारी खरीदारी को लेकर सुबह से ही कोतवाली बाजार और गुरुद्वारा रोड पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई। भीड़ के चलते वाहन रेंगते नजर आए और कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात नियंत्रित करने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि, जाम और भीड़ के बावजूद लोगों का त्योहारी उत्साह कम नहीं हुआ। गुरुद्वारा रोड मार्केट में लोगों ने धनतेरस के शुभ अवसर पर बर्तन, गहने और शगुन का झाड़ू जमकर खरीदा। वहीं, शहरी मार्केट में भी त्योहारी रौनक देखने को मिली। घरों को सजाने के लिए दीयों और सजावटी सामान की मांग रही। कचहरी अड्डे और दाड़ी मार्केट में भी पटाखों के स्टॉल सज गए हैं। यहां लोग दीयों, शगुन के झाड़ू और पटाखों की खरीदारी करते नजर आए। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से व्यापारियों में उत्साह है। लंबे समय बाद ग्राहकों की इतनी आवाजाही देखकर कारोबारियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। धनतेरस पर खरीदारी के इस माहौल से बाजारों में रौनक लौटती दिखाई दी।