राधाष्टमी के पावन अवसर पर कुनैला शिखर (कीड़ी) में शुक्रवार रात भव्य जागरण का आयोजन किया गया। महाकाल काली म्यूजिकल ग्रुप गोली डलहौजी के कलाकारों ने देर रात तक भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान किया। एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए। इस दौरान निकाली गई आकर्षक झांकियों ने भी जागरण की शोभा बढ़ाई। शिव मंदिर कमेटी कुनैला शिखर के अध्यक्ष अमर सिंह चौणा और सचिव ठाकुर सिंह ने बताया कि राधाष्टमी के अवसर पर हर वर्ष यहां न्हौण का आयोजन किया जाता है। पवित्र मणिमहेश डल में स्नान करने से वंचित रहने वाले श्रद्धालु कुनैला शिखर पहुंचकर साल खड्ड में आस्था की डुबकी लगाते हैं। जागरण में सदर विधायक नीरज नैयर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शनिवार तड़के करीब चार बजे साल खड्ड में पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेका और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद श्रद्धालु अपने घरों की ओर रवाना हुए।