चंबा। नगर परिषद चंबा की ओर से परिसर में कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों सहित अन्य कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान कुल 41 कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच हुई। जांच के दौरान 11 कर्मचारियों में उच्च रक्तचाप की समस्या पाई गई, जबकि आठ कर्मचारी मधुमेह से पीड़ित पाए गए। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच करवाने और खान-पान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। कार्यक्रम अधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि सफाई और अन्य कार्यों में जुटे कर्मचारियों के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच जरूरी है। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सकता है। कहा कि शिविर के आयोजन में नगर परिषद की कनिष्ठ अभियंता नीतिका ठाकुर, स्वच्छ भारत मिशन की टीम, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की टीम, स्वच्छता कर्मचारी और नगर परिषद के अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया। शिविर में कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और संतुलित आहार लेने के प्रति भी जागरूक किया गया। नगर परिषद की ओर से कहा गया कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।