फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंबा: भाजपा नेता जय सिंह बोले- मरीजों की नब्ज नहीं, गूगल देखकर इलाज कर रहे डॉक्टर

Ankesh Dogra Updated Tue, 08 Sep 2026 03:15 PM IST

पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय चंबा की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भाजपा नेता जय सिंह ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में कुछ चिकित्सक मरीजों की नब्ज और बीमारी की वास्तविक स्थिति समझने के बजाय गूगल पर जानकारी देखकर उपचार कर रहे हैं। उनके अनुसार, इससे मरीजों को समय पर उचित परामर्श और उपचार नहीं मिल पा रहा है। जय सिंह ने कहा कि चंबा जैसे दुर्गम क्षेत्र के लोगों के लिए मेडिकल कॉलेज एक बड़ी उम्मीद है। दूरदराज के लोगों को अपने जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से यह संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे में यदि मरीजों को उपचार के लिए इधर-उधर भटकना पड़े तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि चिकित्सकों की कथित लापरवाही का सबसे अधिक असर गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों से लोग इलाज की उम्मीद लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचते हैं, लेकिन यदि उन्हें वहां भी उचित परामर्श और उपचार नहीं मिलता तो उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। भाजपा नेता ने मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए गठित कमेटी पर भी असहमति जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें यह कमेटी मंजूर नहीं है। मामले की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए निष्पक्ष और प्रभावी जांच उचित स्तर पर होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जा सके। जय सिंह ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं की गंभीरता से समीक्षा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए और यदि जांच में किसी चिकित्सक की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में मरीजों का भरोसा बनाए रखना जरूरी है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें