भरमौर (चंबा)। भरमौर के मुख्य चौरासी मंदिर बाजार में बिजली के पोल पर तारों का जंजाल बना हुआ है। चौरासी रिवाइवल कमेटी के प्रधान मोहर राजपूत ने इस पर आपत्ति जताते हुए संबंधित बोर्ड प्रबंधन से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है। मोहर राजपूत ने बताया कि इस समस्या के बारे में स्थानीय विधायक, संचूई पंचायत और पंचायत समिति सदस्य भरमौर के माध्यम से विभाग को कई बार मौखिक रूप से अवगत करवाया जा चुका है। इसके बावजूद बाजार में बिजली की तारों को व्यवस्थित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने बोर्ड प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द तारों के जंजाल को ठीक नहीं किया गया तो वह विभाग के खिलाफ अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में जिम्मेदारी संबंधित बिजली बोर्ड प्रबंधन की होगी। कमेटी प्रधान ने विभाग से मांग की है कि चौरासी मंदिर बाजार में बिजली की तारों को व्यवस्थित कर लोगों को इस समस्या से निजात दिलाई जाए।