नैनीखड़ कस्बे में पिछले करीब 40 दिनों से चल रही प्रभात फेरियों की धार्मिक परंपरा मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गई। समापन अवसर पर कस्बे के सभी मंदिरों में दीपमाला की गई। महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के अंतिम दिन महिलाओं में विशेष उत्साह के साथ भावुकता भी देखने को मिली। 40 दिनों तक चली इस धार्मिक परंपरा से जुड़ी यादों को समेटते हुए कई महिलाओं की आंखें नम हो गईं। लंबे समय तक साथ निभाई गई भक्ति और सेवा की इस परंपरा के समापन पर श्रद्धालु भावुक नजर आए। इस आयोजन में परियूंगला देवी ने बुजुर्ग होने के बावजूद पूरे 40 दिनों तक बिना किसी रुकावट के ढोलक बजाने की सेवा निभाई। वहीं, कमला ने एक दिन फल सेवा का जिम्मा संभाला। इसके अलावा नीलम शर्मा, सविता, सुनीता, दीपा, रेखा, लावी सहित कस्बे की अन्य महिलाओं ने भी पूरे उत्साह और समर्पण के साथ धार्मिक आयोजन में भाग लिया। प्रभात फेरियों के दौरान महिलाओं ने कार्तिक मास और मां तुलसी की पूजा-अर्चना की। धार्मिक आयोजन के समापन पर परिवारों और पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। करीब 40 दिनों तक चली इस परंपरा के संपन्न होने के बाद अब महिलाओं को अगले वर्ष कार्तिक मास में प्रभात फेरियों के दोबारा शुरू होने का इंतजार है।