फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंबा: 27 दिन बाद भी बच्चे का सुराग नहीं, सिटी चौकी के बाहर सड़क पर बैठी मां

Ankesh Dogra Updated Mon, 07 Sep 2026 01:13 PM IST

बच्चे के लापता होने के 27 दिन बाद भी कोई सुराग न मिलने से आक्रोशित मां सोमवार को ग्रामीणों के साथ सिटी चौकी के बाहर धरने पर बैठ गईं। मां सारिका ने सड़क पर बैठकर पुलिस के खिलाफ रोष जताया और लापता बच्चे को जल्द से जल्द तलाशने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए चौकी के बाहर माहौल तनावपूर्ण भी रहा। सारिका का आरोप है कि उनके बच्चे को लापता हुए 27 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस की ओर से उसे तलाशने के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इतने दिन गुजरने के बाद भी बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया है। इससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। मां के मुताबिक, पुलिस उस लड़की के खिलाफ कार्रवाई करने और उसे रिमांड पर लेने की बात कह रही है, जिसके साथ बच्चे को आखिरी बार देखा गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है तो इसके बावजूद बच्चे का सुराग क्यों नहीं मिल पाया है। धरने में शामिल ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परिवार पिछले कई दिनों से बच्चे की तलाश में परेशान है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे को खोजने के लिए हर संभव प्रयास करने चाहिए। प्रदर्शन के दौरान सारिका और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से बच्चे की तलाश में प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार को जल्द से जल्द बच्चे की जानकारी चाहिए और मामले में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। परिजनों और ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक बच्चे का पता नहीं लगाया जाता और मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, उनका संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, प्रदर्शन के चलते सिटी चौकी के बाहर पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति भी बनी रही। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को समझते हुए बच्चे की तलाश तेज करने और जांच को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने की मांग की है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें