भराड़ी(बिलासपुर)। पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भराड़ी में मंगलवार को आयोजित विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी से उनके व्यक्तिगत जीवन, संघर्ष और राजनीतिक सफर से जुड़े सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने यह भी जानना चाहा कि विधायक और मंत्री बनने के बाद घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के विकास में उनकी प्राथमिकताएं क्या हैं। विद्यार्थियों के बीच बैठकर संवाद करते हुए धर्माणी ने उनके सवालों के सहजता से जवाब दिए और अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल डिग्री और पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है। संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता, श्रवण क्षमता, सामूहिक चर्चा और सामाजिक व्यवहार जैसे गुण भी व्यक्तित्व विकास के लिए जरूरी हैं। धर्माणी ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी खूबियों और कमियों की पहचान करें और लगातार आत्म-सुधार की दिशा में काम करें। लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए लगन, निरंतरता और एकाग्रता के साथ प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छी पुस्तकें पढ़ने, सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने और सकारात्मक मित्र-मंडली बनाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में आगे बढ़ने की अपार क्षमता है। बेहतर वातावरण और अवसर मिलने पर वे अपनी योग्यता का बेहतर इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने मोबाइल फोन का इस्तेमाल केवल मनोरंजन तक सीमित न रखने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्कूल में विद्यार्थियों की ओर से तैयार विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और इन्हें तैयार करने के उद्देश्य के बारे में विद्यार्थियों से जानकारी ली। इस दौरान उपनिदेशक उच्च शिक्षा स्कूल नरेश चंदेल, प्रधानाचार्य मदन लाल शर्मा, शिक्षक और अन्य लोग मौजूद रहे।