शहर के लुहणू क्रिकेट मैदान में मुंबई और हिमाचल प्रदेश के बीच रणजी ट्रॉफी मुकाबले के आगाज के साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। उपायुक्त राहुल कुमार ने जिलावासियों से अपील की कि वे मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं। उन्होंने बताया कि चार दिवसीय मुकाबले के दौरान दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है। जिले की 27 रेड जोन पंचायतों में नशे की समस्या से जुड़े हालात सुधारना एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें खेलों से जोड़ने की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है। उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि मुंबई की टीम में कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो भारतीय क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। इन खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखना स्थानीय युवाओं और उभरते क्रिकेटरों के लिए सीखने तथा प्रेरणा लेने का अच्छा अवसर है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े मुकाबले युवा खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां समझने और अपने कौशल को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। हिमाचल की टीम में भी युवा खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें ऐसे मुकाबलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उपायुक्त ने जिलावासियों से आग्रह किया कि वे लुहणू क्रिकेट मैदान पहुंचकर मुकाबले का आनंद लें और दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं। चार दिवसीय रणजी मुकाबले में दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है। उन्होंने दोनों टीमों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि मुकाबले के चारों दिन दर्शकों को अच्छा और रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा। उन्होंने विशेष रूप से उम्मीद जताई कि हिमाचल प्रदेश की टीम बेहतर प्रदर्शन कर जीत हासिल करेगी।