भारतीय जनता पार्टी शिक्षक प्रकोष्ठ हिमाचल प्रदेश की ओर से घुमारवीं में राज्य स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेशभर से चयनित 51 उत्कृष्ट शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया। राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की। डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। मजबूत और विकसित भारत की नींव शिक्षकों के ज्ञान, समर्पण और संस्कारों पर टिकी है। शिक्षक विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों का संचार कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य शिक्षक भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित होते हैं। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। शिक्षक समाज निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वर्तमान समय में शिक्षकों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्हें विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध भी देना है।