यमुनानगर। जगाधरी रोड स्थित सेक्टर-17 मार्केट में शराब ठेके के पास रविवार रात खोखे और स्टॉल हटाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। नगर निगम की कार्रवाई से नाराज स्टॉल संचालक ने कर्मचारियों पर थप्पड़ मारने और रंजिशन उसका स्टॉल तोड़ने का आरोप लगाया। वहीं, निगम अधिकारियों ने दुकानदारों पर बदसलूकी करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। विवाद बढ़ने पर कई समाजसेवी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर विनोद बैनीवाल और हरजीत आनंद का घेराव कर कार्रवाई का विरोध किया। एडवोकेट विक्की बांगड़ ने बिना नोटिस कार्रवाई करने पर अधिकारियों से जवाब मांगा। विजय कॉलोनी निवासी गुरदीप सिंह ने बताया कि वह सेक्टर-17 मार्केट में शराब ठेके के पास नॉनवेज का स्टॉल लगाता है। रविवार रात उसके स्टॉल पर तीन युवक नॉनवेज खा रहे थे। इसी दौरान अल्टो कार में दो से तीन युवक पहुंचे और खुद को नगर निगम कर्मचारी बताते हुए कूड़ा फैलाने की बात कहने लगे। गुरदीप के अनुसार, जब उसने उनकी पहचान पूछी तो वे आईकार्ड दिखाने लगे। इसी दौरान उसके पास खड़े एक युवक ने आईकार्ड पकड़कर फेंक दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। गुरदीप ने आरोप लगाया कि निगम कर्मचारियों ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद आसपास के दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया और मौके पर हंगामा हो गया। उसका आरोप है कि एक निगम कर्मचारी हर महीने उससे दो हजार रुपये लेकर जाता है, इसके बावजूद उसका स्टॉल तोड़ दिया गया। इससे उसे हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। सीएम के कार्यक्रम के मद्देनजर सफाई व्यवस्था देखने पहुंचे थे कर्मचारी मौके पर पहुंचे हरजीत आनंद ने बताया कि सेनेटरी इंस्पेक्टर सुशील कुमार का उन्हें मैसेज मिला था। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर वह मार्केट में सफाई व्यवस्था देखने पहुंचे थे। दुकानदारों को कूड़ा नहीं फैलाने के लिए कहा गया तो उनके साथ बदसलूकी की गई। वहीं, विनोद बैनीवाल ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि कुछ दुकानदार गंदगी फैला रहे थे, इसलिए खोखे और स्टॉल हटाए गए हैं। किसी का सामान नहीं तोड़ा गया। अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज सेनेटरी इंस्पेक्टर सुशील कुमार ने थाना सेक्टर-17 में शिकायत देकर कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी राजिंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।