नई अनाज मंडी में धान की आवक अधिक होने से व्यवस्था बिगड़ी हुई है। अधिक फसल आने से अनाज मंडी और शहर की सभी मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही है। शनिवार को फसल की बंद होने के कारण रविवार को ज्यादा फसल पहुंची। इससे अनाज मंडी और शहर की सभी मुख्य सड़कों पर जाम लग गया। अनाज मंडी में फसल उतारने की व्यवस्था बनाने के लिए सोमवार और बुधवार को अनाज मंडी बंद रखी जाएगी। नई अनाज मंडी में करीब 14.52 लाख क्विंटल धान की आवक हो चुकी है। किसान धान की कटाई का कार्य कंबाइनों से करवा रहे हैं। इसके चलते अनाज मंडी में फसल की आवक अधिक हो रही है। खरीद के बाद संपूर्ण फसल का उठान नहीं होने से किसानों की परेशानी बढ़ी हुई है। रविवार को अनाज मंडी में करीब 75000 क्विंटल धान पहुंचा, जिसके कारण दोबारा से जाम की स्थिति बन गई। आढ़ती विनोद जैन, संदीप मलिक, श्यामलाल का कहना है कि एक दिन अनाज मंडी बंद रखने के बाद दूसरे दिन फसल की आवक पहले की तुलना में अधिक होती है। इससे दोबारा से जाम की स्थिति बन जाती है। आढ़तियों ने सोमवार और बुधवार को भी अनाज मंडी बंद रखने का निर्णय लिया है, ताकि रविवार को आने वाली फसल का सोमवार को उठान करवाया जा सके।