सोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में आयोजित बीसवांमील ब्लॉकबस्टर कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पहले संस्करण में एसयूओएच लायंस ने खिताब अपने नाम किया। रविवार को आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में एसयूओएच लायंस ने एसयूओएच एलीट को सीधे तीन सेटों में 3-0 से हराया। प्रतियोगिता में 14 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में एसयूओएच लायंस ने शुरुआत से ही आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने शानदार सर्विस, ब्लॉकिंग और सटीक आक्रमण के दम पर मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी। वहीं, एसयूओएच एलीट ने भी जुझारूपन और खेल भावना का परिचय दिया, लेकिन उसे उपविजेता के स्थान से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता में बीसवांमील और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, अशोका विश्वविद्यालय, ओपी जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय, एसआरएम विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ऑफ डिजाइन सहित अन्य संस्थानों की टीमें शामिल रहीं। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले डे-नाइट प्रारूप में आयोजित किए गए। फाइनल मुकाबला रात 9:30 बजे खेला गया। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य विश्वविद्यालय स्तर के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और उनमें टीम भावना, अनुशासन व खेल भावना को बढ़ावा देना था।