फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत में 26वें दिन भी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी, 1100 टन कूड़ा जमा; पुलिस बल के साथ पहुंचे ACP

सोनीपत। सरकार और कर्मचारियों के बीच हुए समझौते को पूरी तरह लागू कराने की मांग को लेकर हरियाणा नगरपालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की राज्यव्यापी हड़ताल सोमवार को 26वें दिन भी जारी रही। सफाई और दमकल कर्मचारियों के काम पर नहीं लौटने से शहर में करीब 1100 टन कूड़ा पड़ा हुआ है। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार शाम सहायक पुलिस आयुक्त राजदीप मोर के नेतृत्व में काफी संख्या में पुलिसकर्मी नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर पहुंचे। यहां हड़ताली कर्मचारी धरने पर बैठे थे। पुलिसकर्मियों के पहुंचने पर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताली कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि वे अपने हकों के लिए आंदोलन कर रहे हैं। यदि सरकार ने उन्हें धरने से जबरदस्ती उठाने का प्रयास किया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। इकाई प्रधान भारत कंडेरा का कहना है कि उनकी मुख्य मांग 13 मई को सरकार और कर्मचारियों के बीच हुए द्विपक्षीय समझौते को पूरी तरह लागू करने की है। जब तक समझौते के अनुसार उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से वार्ता कर गतिरोध समाप्त करने की मांग की। सोनीपत के अलावा गोहाना, गन्नौर और खरखौदा में भी सफाई कर्मचारियों के धरने जारी रहे। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी। राज्य वरिष्ठ उपप्रधान राजीव खत्री ने कहा कि 2 सितंबर तक सरकार ने सभी मांगों के पत्र जारी नहीं किए और जॉब सिक्योरिटी का पत्र वापस नहीं लिया तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी दिनों में आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि दमकल और सफाई कर्मचारियों को बिना किसी शर्त एक कलम से पक्का किया जाए। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार को टकराव का रास्ता अपनाने के बजाय बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें