रक्षाबंधन पर हरियाणा सरकार ने महिलाओं को खास तोहफा दिया है। प्रदेश में रक्षाबंधन को लेकर 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त को मध्यरात्रि तक महिलाओं व उनके 15 साल तक के बच्चों के लिए हरियाणा रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा रहेगी। यह सुविधा हरियाणा के साथ दिल्ली और चंडीगढ़ की सीमाओं के अंदर आने-जाने वाली रोडवेज बसों में भी लागू होगी। इससे बहनों के लिए मायके जाकर भाइयों की कलाई पर राखी बांधना आसान होगा। रोडवेज महाप्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि इस संबंध में सरकार की ओर से आदेश प्राप्त हो चुके हैं। सोनीपत डिपो में 196 रोडवेज की साधारण बसें हैं।आदेश के अनुसार रक्षाबंधन के दिन महिलाएं रोडवेज बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। सरकार के इस फैसले से रक्षाबंधन पर भाइयों के घर जाने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। किराये की चिंता नहीं होने से महिलाएं आसानी से सफर कर सकेंगी। महिलाओं ने भी सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए इसे रक्षाबंधन पर अच्छा तोहफा बताया। उनका कहना है कि निशुल्क बस सेवा से त्योहार पर यात्रा करना आसान होगा और परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी नहीं पड़ेगा। रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में महिलाओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। सरकार की इस पहल से बहनों को अपने भाइयों तक पहुंचने और राखी बांधकर वापस लौटने में सुविधा मिलेगी।