सिरसा। परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने और पुरुष नसबंदी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरुष नसबंदी पखवाड़े के तहत शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल में जागरूकता रैली निकाली गई। राजकीय एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय की छात्राओं के सहयोग से आयोजित इस रैली को उप सिविल सर्जन डॉ. राजेश चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को परिवार नियोजन में पुरुषों की जिम्मेदारी और पुरुष नसबंदी के लाभों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने कहा कि परिवार नियोजन की जिम्मेदारी केवल महिलाओं की नहीं, बल्कि पुरुषों की भागीदारी भी इसमें बेहद जरूरी है। पुरुष नसबंदी एक सरल एवं सुरक्षित शल्य प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरुष नसबंदी करवाने वाले लाभार्थियों को महिला नसबंदी की तुलना में अधिक प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उन्होंने आमजन से परिवार नियोजन के प्रति जागरूक होने और पुरुष नसबंदी को लेकर प्रचलित भ्रांतियों से दूर रहने की अपील की। उप सिविल सर्जन (परिवार नियोजन) डॉ. भारत भूषण मित्तल ने बताया कि प्रजनन स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन में महिलाओं की अपेक्षा पुरुषों की भागीदारी कम है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में पुरुष नसबंदी करवा चुके लाभार्थियों को पुरुष नसबंदी चैंपियन के रूप में चिह्नित किया जाएगा, ताकि उनके अनुभवों के माध्यम से अन्य पुरुषों को इस प्रक्रिया के लिए प्रेरित किया जा सके। इसके अलावा पोस्टर, बैनर, पेंटिंग और अन्य जागरूकता गतिविधियों के जरिए परिवार नियोजन का संदेश दिया जाएगा। विशेषज्ञ चिकित्सक भी पुरुष नसबंदी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। जिला किशोरावस्था परामर्शदाता कमल कक्कड़ एवं जिला नेत्रदान परामर्शदाता राहुल शर्मा ने बताया कि अभियान का दूसरा चरण 29 नवंबर से 4 दिसंबर तक सेवा प्रदायगी चरण के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान इच्छुक लाभार्थियों को पुरुष नसबंदी की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी तथा उन्हें इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी एक सामान्य शल्य प्रक्रिया है और इससे पुरुषों की शारीरिक क्षमता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। --------------- पुरुष नसबंदी पर 2000 और महिला नसबंदी पर 1400 रुपये की प्रोत्साहन राशि जिला किशोरावस्था परामर्शदाता कमल कक्कड़ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरुष नसबंदी करवाने वाले लाभार्थियों को 2000 रुपये तथा महिला नसबंदी करवाने वाली लाभार्थियों को 1400 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। विभाग का मुख्य उद्देश्य परिवार नियोजन में पुरुषों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और छोटे एवं खुशहाल परिवार की अवधारणा को बढ़ावा देना है।