रोहतक। धनतेरस के मौके पर शुक्रवार को रोहतक के बाजारों में जबरदस्त भीड़ उमड़ी। सुबह से ही डी-पार्क मार्केट, किला रोड बाजार, गांधी कैंप बाजार, रेलवे रोड और भिवानी स्टैंड पर लोगों का तांता लगा रहा। दिवाली की खरीदारी के लिए लोगों ने बर्तन, सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, मिठाई और सजावट का सामान खरीदा। डी-पार्क मार्केट में कपड़ों व सजावटी सामान की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली। किला रोड और गांधी कैंप में कपड़ों और जूतों की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतार लगी रही। रेलवे रोड पर सोना-चांदी और आभूषण व भिवानी स्टैंड पर सजावटी सामान की जमकर बिक्री हुई। व्यापारियों के चेहरे पर भी खुशी नजर आई। शाम तक बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं थी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बाजारों में जवान तैनात किए थे।