रोहतक। राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर के विरोध में रोहतक में कांग्रेस एससी सेल ने बुधवार को कांग्रेस भवन से लेकर लघु सचिवालय जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रदेशाध्यक्ष मनोज बागड़ी ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जिस मंच से भाषण दिया था, भाजपा और आरएसएस के लोगों ने गंगाजल से उसका शुद्धिकरण किया। इससे दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। यह मनुवादी मानसिकता को दर्शाता है। बागड़ी ने आरोप लगाया कि जब राहुल गांधी ने इस कृत्य के खिलाफ आवाज उठाई तो भाजपा-आरएसएस ने उल्टा उन्हीं के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। यह पूरी तरह गलत है। कांग्रेस ने मांग की है कि राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर तुरंत वापस ली जाए और मंच का शुद्धिकरण करने वाले भाजपा-आरएसएस के लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। इसको लेकर देशभर में कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है।