ठिकाणा सत् बाबा सांबल शाह महाराज का सालाना यज्ञ समागम एवं विशाल भंडारा 25 अक्तूबर को भिवानी रोड स्थित द रेडियंट गार्डन में बेहद धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक समागम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे से सत्संग के साथ होगी, जो प्रभु इच्छा तक निरंतर जारी रहेगी। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। ये जानकारी शनिवार बीपी जैन स्किल डेवलपमेंट सेंटर में कथावाचक शंकरानंद व उदासीन आश्रम काहनौर से महंत बाबा सुखा शाह महाराज ने प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि समागम में संत महापुरुषों की पावन याद में एक भव्य हरि नाम संकीर्तन का विशेष आकर्षण रहेगा। इसमें देश के जाने-माने बॉलीवुड और सूफी गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिनमें मुख्य रूप से हेमंत बृजवासी, सोनिया शर्मा, तरुण सागर, वैष्णवी शर्मा और साहिल सागर शामिल हैं। इसके साथ ही वृंदावन से कुंज बिहारी दास महाराज और सूफी गायक जोनी सूफी भी भजनों से संगत को निहाल करेंगे। कार्यक्रम में कई महामंडलेश्वर, संत-महात्मा और केंद्र व हरियाणा सरकार के वरिष्ठ राजनेता भी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल असीम कुमार घोष होंगे। उन्होंने बताया कि यह पूरा आयोजन स्वामी शंकरानंद महाराज की कथावाचना और कार्यक्रम संयोजक राजेश जैन की देखरेख में समस्त भक्तगणों की ओर से आप कराया जा रहा है। इस भव्य समागम में रेड क्रॉस सोसायटी हरियाणा का विशेष सहयोग रहेगा। इसके अलावा, सामाजिक सरोकार निभाते हुए समागम परिसर में रक्तदान शिविर और नशा छोड़ो भारत जोड़ो मुहिम के तहत नशामुक्ति का संदेश भी दिया जाएगा।