रेवाड़ी। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों के समाधान में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने 16 में से 12 परिवादों का मौके पर ही निपटारा किया, जबकि 4 मामलों को आगामी कार्रवाई पूरी होने तक लंबित रखने के निर्देश दिए। कोविड काल में किए गए कार्य का भुगतान नहीं होने के मामले में मंत्री ने नगर परिषद के तत्कालीन और वर्तमान जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों को चार्जशीट करने के निर्देश दिए। भगवान दास सैनी की शिकायत पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने कहा कि कोविड काल में किए गए कार्य का भुगतान लंबित रहने के लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बैठक में 9 लंबित परिवादों की भी सुनवाई हुई। मनजीत कुमार के भूखंड से जुड़े मामले में मंत्री ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के संपदा अधिकारी को शिकायतकर्ता की इच्छा के अनुरूप भूखंड आवंटित करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता को वर्ष 2011 से उचित भूखंड का कब्जा नहीं मिल पाया था। मंत्री ने बैठक का हवाला देते हुए मामले का समाधान करने को कहा। कोसली के सादतनगर में कॉलोनी नियमित होने के बाद नक्शा पास नहीं होने की शिकायत पर मंत्री ने जिला नगर योजनाकार को नया नक्शा पास करवाने के निर्देश दिए, ताकि रास्तों का सही परिमापन हो सके। बावल निवासी रोहतास की शिकायत पर मोहल्ला बागवाला के जोहड़ की सफाई करवाने के निर्देश नगरपालिका सचिव को दिए गए। वहीं अधिवक्ता रविंद्र यादव की शिकायत पर होली पार्क के समीप सीवरेज की जेट मशीन से सफाई कराने को कहा गया। परिषद अभियंता ने बताया कि अगले दो साल में समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। मंत्री ने पहले तत्काल सीवरेज साफ करवाकर दूषित जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश दिए। गांव लाखनौर निवासी हरपाल की रास्ता बनवाने संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। गांव नंगली गोधा निवासी करतार सिंह की शिकायत पर समिति के सदस्य सुभाष यादव और नरेश कुमार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के साथ मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में रेवाड़ी विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह यादव, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, जन-निजी भागीदारी के राज्य समन्वयक डॉ. सतीश खोला, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, उपायुक्त अभिषेक मीणा, पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल मोदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपिका अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।