संवाद न्यूज एजेंसी रेवाड़ी। शहर के हंस नगर स्थित पूर्व सैनिक के घर हुए रहस्यमयी धमाके के मामले में पहली बार पुलिस का आधिकारिक बयान सामने आया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे का कारण पाइपलाइन गैस रिसाव प्रतीत हो रहा है, हालांकि विस्फोट की वास्तविक वजह का खुलासा फारेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। दूसरी ओर पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कंपनी ने अपनी गैस लाइन को पूरी तरह सुरक्षित बताया है। ऐसे में पुलिस और कंपनी के अलग-अलग दावों ने मामले को और उलझा दिया है। डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बयान जारी कर बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े 4 बजे हंस नगर निवासी पूर्व सैनिक सतबीर चौहान के मकान में धमाके की सूचना मिली थी। उस समय उनकी बेटी तन्नु घर में कपड़े प्रेस कर रही थी। शुरुआती जांच में आसपास कहीं गैस रिसाव के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया। हादसे में तन्नु, सतबीर चौहान, मधु, पड़ोसी सीआरपीएफ जवान जयभगवान और खुशी झुलस गए। इनमें तन्नु (23) की हालत गंभीर बनी हुई है उन्हें दिल्ली रेफर किया गया है। सोमवार को पीएनजी कंपनी की दो अलग-अलग टीमें जांच के लिए मौके पर पहुंचीं थी। विस्तृत निरीक्षण के बाद कंपनी अधिकारियों ने दावा किया कि उनकी पाइपलाइन और गैस आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित है तथा कहीं भी रिसाव के संकेत नहीं मिले। यही कारण है कि कंपनी फिलहाल विस्फोट को पीएनजी लाइन से जोड़ने से इनकार कर रही है।