संवाद न्यूज एजेंसी कोसली। जिले के कोसली क्षेत्र के गांव लिलोढ़ में पशु चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए खूंटे से बंधी कीमती भैंस चोरी कर ली। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है, जबकि पशुपालकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़ित किसान राजकुमार ने बताया कि रोजाना की तरह उन्होंने रात को अपनी अच्छी नस्ल की भैंस को घर के आंगन में बने पशुघर में बांधा था। इसके बाद पूरा परिवार खाना खाकर सो गया। देर रात अज्ञात चोर घर के बाहर पहुंचे और बड़ी सफाई से भैंस की रस्सी खोलकर उसे अपने साथ ले गए। चोरों ने वारदात को इतनी खामोशी से अंजाम दिया कि घर के किसी भी सदस्य को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब राजकुमार रोज की तरह दूध निकालने के लिए पशुघर पहुंचे तो भैंस गायब मिली। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत परिवार और ग्रामीणों को सूचना दी। आसपास के लोगों ने काफी देर तक गांव और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन भैंस का कोई सुराग नहीं लग सका। राजकुमार ने बताया कि चोरी हुई भैंस उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थी। वह प्रतिदिन अच्छी मात्रा में दूध देती थी और उसकी बाजार कीमत करीब 80 हजार से 1 लाख रुपये के बीच थी। उन्होंने कहा कि भैंस चोरी होने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने किसान की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस गांव के मुख्य रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।