फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी: वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे पर सड़कों पर उतरी कांग्रेस, सचिवालय पर प्रदर्शन

रेवाड़ी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को रेवाड़ी में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों पर काली पट्टी बांधकर जिला सचिवालय पहुंचे और केंद्र सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतलों का दहन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल ने किया। उनके साथ पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व मंत्री डॉ. एमएल रंगा, पूर्व मंत्री जसवंत यादव, कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुभाष छाबड़ी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया की आड़ में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी की जा रही है और मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश हो रही है। नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। जितेंद्र बघेल ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कथित वोट चोरी और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए। इसके बाद पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें